हरदा जिले के हादसे में हताहत 16 मजदूरों में से 15 हंडिया नगर के और एक पास के गांव मालपौन का निवासी है। हंडिया के भगवान सिंह ने बताया कि इस घटना में उसने अपनी पत्नी और तीन बेटों को खो दिया है। उनकी पत्नी गुड्डी बाई, बेटा विजय, अजय और कृष्णा अब हमेशा के []
Published: Wednesday, 2 April 2025 at 06:00 am | Modified: Thursday, 3 April 2025 at 10:07 am | By: Kapil Sharma | 📂 Category: शहर और राज्य
हरदा जिले के हादसे में हताहत 16 मजदूरों में से 15 हंडिया नगर के और एक पास के गांव मालपौन का निवासी है। हंडिया के भगवान सिंह ने बताया कि इस घटना में उसने अपनी पत्नी और तीन बेटों को खो दिया है। उनकी पत्नी गुड्डी बाई, बेटा विजय, अजय और कृष्णा अब हमेशा के लिए उनसे दूर चले गए हैं। भगवान सिंह ने कहा कि परिवार के अन्य सदस्य गुजरात गए थे, केवल वे ही घर पर थे।
गुजरात के बनासकांठा स्थित पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को हुए विस्फोट में मारे गए मजदूर मध्य प्रदेश से हैं। इस हादसे में देवास जिले के 10 लोगों की मौत और एक बच्ची के घायल होने की पुष्टि हो चुकी है। हरदा जिले के 16 लोग भी इस फैक्ट्री में हताहत हुए हैं, लेकिन इनमें से कितने मृत और कितने घायल हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी शाम तक नहीं मिल सकी।
देवास जिला प्रशासन को गुजरात से मिली जानकारी के अनुसार, खातेगांव तहसील के संदलपुर गांव के निवासी लखनभोपा, सुनीता भोपा, केशरबाई भोपा, राधा भोपा, रुकमा भोपा, अभिषेक भोपा, राकेश भोपा, लाली भोपा, किरण भोपा और ठेकेदार पंकज की मौत हुई है। इनमें से अधिकांश एक ही परिवार के सदस्य हैं। वहीं, दो वर्षीय नैना घायल है।
हरदा जिला प्रशासन के पास गुजरात से 16 मजदूरों की सूची उपलब्ध कराई गई है। इन सभी को हताहत बताया गया है, लेकिन कितनों की मौत हुई है और कितने घायल हैं, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।