newsstate24 Logo

बुलेट ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक: चार साल की देरी, लागत में भारी इजाफा

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना पर धीमी प्रगति उदय पटेल, अहमदाबाद अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन का सफर फिलहाल एक सपना बना हुआ है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रफ्तार पैसेंजर ट्रेन जैसी हो गई है, जिससे यह चार साल पीछे चल रही है। 508 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में अभी तक केवल 60% काम []

Published: Monday, 31 March 2025 at 05:56 pm | Modified: Monday, 31 March 2025 at 05:53 pm | By: Kapil Sharma | 📂 Category: शहर और राज्य

Social ShareFacebookXWhatsAppInstagramLinkedIn
बुलेट ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक: चार साल की देरी, लागत में भारी इजाफा

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना पर धीमी प्रगति

उदय पटेल, अहमदाबाद

अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन का सफर फिलहाल एक सपना बना हुआ है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रफ्तार पैसेंजर ट्रेन जैसी हो गई है, जिससे यह चार साल पीछे चल रही है। 508 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में अभी तक केवल 60% काम पूरा हुआ है। रेलवे को उम्मीद है कि 2026 में सीमित ट्रायल रन हो सकता है, लेकिन यात्रियों के लिए बुलेट ट्रेन का सफर 2028 के अंत तक ही संभव हो पाएगा।

अब तक की प्रगति:

  • 508 किमी ट्रैक में से 260 किमी ट्रैक बिछाया जा चुका है।
  • 283 किमी वायडक्ट का निर्माण पूरा, जबकि 465 किमी बननी है।
  • 14 रिवर ब्रिज, 6 स्टील ब्रिज और 5 पीएससी ब्रिज का निर्माण पूरा।
  • 6 स्टेशनों का स्ट्रक्चरल कार्य समाप्त।
  • 2 किमी समुद्र के नीचे सुरंग पूरी, 21 किमी सुरंग का कार्य जारी।
  • 312 किमी गर्डर कास्टिंग पूरी।

लागत में भारी वृद्धि

परियोजना की शुरुआत 14 सितंबर 2017 को की गई थी, जिसकी प्रारंभिक लागत 1.08 लाख करोड़ रुपए आंकी गई थी। हालांकि, देरी और लागत वृद्धि के चलते यह अब 1.65 लाख करोड़ से 2 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने की संभावना है।

महाराष्ट्र में अब तेजी से काम

रेल मंत्री अश्विन वैष्णव के अनुसार, परियोजना में महाराष्ट्र में हुई देरी का असर प्रगति पर पड़ा। उद्धव ठाकरे सरकार के दौरान अनुमति न मिलने से काम धीमा रहा, लेकिन अब नई सरकार के सहयोग से कार्य में तेजी आई है। अब तक 508 किमी के ट्रैक में 360 किमी का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, अन्य तकनीकी कार्यों में पिछड़ने के कारण औसतन 60% काम ही हुआ है।

तीन राज्यों से गुजरेगी बुलेट ट्रेन

इस परियोजना के तहत अहमदाबाद-मुंबई के बीच यात्रा का समय 5 घंटे से घटकर 2 घंटे हो जाएगा। यह ट्रेन 320 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलेगी। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर तीन राज्यों—गुजरात, महाराष्ट्र और दादरा एवं नगर हवेली से गुजरेगा। पूरे मार्ग पर 12 स्टेशन होंगे।

हालांकि, जापान के सहयोग से बन रही इस परियोजना की रोजाना मॉनिटरिंग हो रही है, जिससे काम की गति बढ़ाई जा सके। रेलवे को उम्मीद है कि कुछ देरी की भरपाई संभव है, लेकिन यात्रियों को इस हाई-स्पीड सफर का आनंद लेने के लिए अभी कम से कम तीन साल और इंतजार करना पड़ेगा।

Related Articles

About Author