पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुना के पूर्व सांसद स्व. माधवराव सिंधिया की 80वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम पुरानी गल्ला मंडी में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ मनाया गया। माधवराव सिंधिया स्मृति पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और उन्होंने स्व. सिंधिया की प्रतिमा पर फूलों की माला चढ़ाकर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे कैलाशवासी महाराज के साथ कार्य करने का अवसर मिला था। जनसेवा की प्रेरणा मैंने उन्हीं से प्राप्त की है। भले ही वे भौतिक रूप से हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन उनकी मधुर यादें और आशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहेगा। आज उनके दिखाए मार्ग और सपनों को केंद्रीय मंत्री और उनके पुत्र बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं।”
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपीलाल जाटव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमेर सिंह गढ़ा, और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य योगेन्द्र लुंबा ने भी अपने विचार प्रस्तुत कर स्व. सिंधिया को याद किया।
इसके बाद, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वृद्धाश्रम कैंट जाकर वहां के बुजुर्गों को स्व. सिंधिया की याद में वस्त्र और फल वितरित किए। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव, अशोक शर्मा, बिट्ठल दास मीना, पूर्व विधायक राजेंद्र सलूजा, सुनील अग्रवाल, धरम सोनी, महिला मोर्चा अध्यक्ष राजेश राजपूत, और अन्य कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित रहे।