भारतीय सिनेमा में ‘भारत कुमार’ के नाम से प्रसिद्ध अभिनेता मनोज कुमार ने आज सुबह इस दुनिया को छोड़ दिया। उनके प्रशंसक केवल भारत में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में फैले हुए हैं। हालांकि, उनकी जिंदगी किसी फिल्म की कहानी से कम रोमांचक नहीं है। उनका जन्म ब्रिटिश भारत के एबटाबाद में एक पंजाबी हिन्दू ब्राह्मण परिवार में हुआ था।
मनोज कुमार तब केवल 10 साल के थे जब भारत का विभाजन हुआ और उनका परिवार दिल्ली में बस गया। इस कठिन समय में उन्होंने संघर्षों का सामना किया। लेकिन इन सबके बावजूद उनके अंदर कुछ बड़ा करने का जज़्बा था। आइए जानते हैं उन्होंने अपनी पढ़ाई कहां से की।
मनोज कुमार ने दिल्ली के हिन्दू कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन पूरी की। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का निर्णय लिया। वे न केवल एक अभिनेता के रूप में बल्कि एक देशभक्त फिल्मकार के रूप में भी प्रसिद्ध हुए। उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बचपन से ही उन्हें दिग्गज कलाकारों जैसे दिलीप कुमार और अशोक कुमार के अभिनय ने प्रभावित किया। उनका असली नाम हरिकृष्ण गिरि गोस्वामी था। लेकिन दिलीप कुमार की फिल्म शबनम में उनके निभाए किरदार ‘मनोज’ से प्रभावित होकर उन्होंने अपना नाम मनोज कुमार रख लिया। उनके द्वारा निभाए गए देशभक्ति से भरे किरदारों ने उन्हें ‘भारत कुमार’ की उपाधि दिलाई।