किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कार में धमाके के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह पुतिन को निशाना बनाने की कोशिश थी?
Published: Monday, 31 March 2025 at 06:08 pm | Modified: Monday, 31 March 2025 at 06:04 pm | By: Kapil Sharma | 📂 Category: लेटेस्ट
मॉस्को. मॉस्को में रूस की शीर्ष खुफिया एजेंसी एफएसबी मुख्यालय के पास राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के काफिले की लिमोजिन कार में धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया कि घटना के दौरान कार में कौन-कौन मौजूद था?
यह भी स्पष्ट नहीं हुआ कि यह साजिश का हिस्सा है या कार में खराबी आने के बाद आग लगी। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कार में धमाके के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह पुतिन को निशाना बनाने की कोशिश थी? यह घटना ऐसे समय हुई है, जब यूक्रेन में युद्ध खत्म करने के लिए अमरीका और रूसी राष्ट्रपति के बीच बातचीत चल रही है।
कार में धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसमें जलती कार दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि कार के इंजन में धमाके के बाद आग तेजी से अंदरूनी हिस्से में फैल गई। आसपास के रेस्तरां और बार के कर्मचारी मदद के लिए पहुंचे। कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन को 2,75,000 पाउंड (करीब 3.05 करोड़ रुपए) की लिमोजिन कार काफी पसंद थी। उन्होंने ऐसी कार उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को भी उपहार में दी थी। रूसी राष्ट्रपति की बुलेट प्रूफ कार का वजन 7,200 किलोग्राम था, जो कमर्शियल बस के वजन के बराबर है। कार के इंजन के साथ 9-स्पीड ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन जुड़ा था।