Karnataka MLA Salary Hike: कर्नाटक में मुख्यमंत्री से लेकर सभी विधायकों की सैलरी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा में एक नया बिल पेश करने की योजना बना रही है। यदि यह विधेयक पारित हो जाता है, तो कर्नाटक विधानसभा और विधान परिषद के सभी प्रतिनिधियों की सैलरी दोगुनी हो जाएगी। दिलचस्प यह है कि कर्नाटक पहले से ही अमीर विधायकों की सूची में शीर्ष पर है, जहां 31 विधायक अरबपति हैं। कर्नाटक के विधायकों की कुल संपत्ति 14,179 करोड़ रुपये है, जो अन्य राज्यों के विधायकों की संपत्ति के मुकाबले भी सबसे अधिक है।
Also Read: पंजाब में भ्रष्टाचारियों और नशा तस्करों पर कार्रवाई तेज, बुलडोजर से अपराधियों में खौफ
कर्नाटक विधानसभा में कुल 224 सीटें हैं, और एक मनोनीत सदस्य भी होता है, जिससे कुल विधायकों की संख्या 225 हो जाती है। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक विधानसभा में 31 विधायकों की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है। सबसे अधिक संपत्ति डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के पास है, जिनकी संपत्ति 1413 करोड़ रुपये है। वे भारत के अमीर विधायकों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
ADR की रिपोर्ट बताती है कि अरबपति विधायकों की सूची में आंध्र प्रदेश दूसरे स्थान पर और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर है। आंध्र प्रदेश में 27 और महाराष्ट्र में 18 विधायक अरबपति हैं।
टॉप-10 में कर्नाटक के चार विधायक
देश के 10 सबसे अमीर विधायकों में कर्नाटक के चार विधायक शामिल हैं, जबकि आंध्र प्रदेश के भी चार विधायक इस सूची में हैं। भारत में कुल 119 विधायकों के पास 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है, जिनमें से 63% यानी 76 विधायक केवल तीन राज्यों से हैं, जो कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र हैं।
औसत संपत्ति में भी दूसरे पायदान पर
विधायकों की औसत संपत्ति के मामले में कर्नाटक का नाम दूसरे स्थान पर आता है। कर्नाटक में प्रति विधायक 63.5 करोड़ रुपये की औसत संपत्ति है, जबकि आंध्र प्रदेश में विधायकों की औसत संपत्ति 65 करोड़ रुपये है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि अमीर विधायकों के मामले में कर्नाटक और आंध्र प्रदेश एक समान स्थिति में हैं।