चंडीगढ़ में पद्मश्री नेक चंद द्वारा निर्मित ऐतिहासिक रॉक गार्डन की दीवार को तोड़े जाने पर उनकी पोती प्रियंका सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। न्यूयॉर्क में निवास कर रही प्रियंका ने इस पत्र के माध्यम से रॉक गार्डन के प्रति हो रही उपेक्षा और विनाश पर अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्थल को संरक्षित करने की अपील की है।
प्रियंका ने स्पष्ट किया कि वह इस पत्र को केवल अपने परिवार के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि एक जागरूक नागरिक के नाते भी लिख रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने रात के अंधेरे में चुपचाप रॉक गार्डन की दीवार को तोड़ डाला। इसके साथ ही, दशकों पुराने पेड़ों को भी काटा जा रहा है, जबकि इस गार्डन की हर एक चीज़ का आपस में गहरा संबंध है।
प्रियंका ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि 2016 में प्रधानमंत्री मोदी जिस दरवाजे से फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद को लेकर रॉक गार्डन में प्रवेश किए थे, उसे भी ‘अपग्रेड’ करने के नाम पर तोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि नेक चंद ने 57 वर्षों तक इस अद्भुत कलाकृति को संजोकर रखा और इसने भारत के पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है।
रॉक गार्डन, ताजमहल के बाद, भारत का दूसरा सबसे अधिक देखे जाने वाला पर्यटन स्थल है। यहां हर साल लगभग 15 लाख पर्यटक आते हैं, जिससे करोड़ों रुपए की आमदनी होती है। प्रियंका ने प्रधानमंत्री से विनम्र निवेदन किया है कि इस धरोहर को नष्ट होने से बचाने के लिए तुरंत हस्तक्षेप करें।