प्लास्टिक फूड कंटेनर्स के स्वास्थ्य जोखिम : आजकल, ज़ोमैटो और स्विगी जैसे ऑनलाइन प्लेटफार्मों से खाना ऑर्डर करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लोग आराम से अपने घर पर खाने-पीने की चीजें मंगवा रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह आपकी सेहत के लिए खतरा बन सकता है? दरअसल, ये खाद्य पदार्थ प्लास्टिक के कंटेनरों या पैकेटों में आते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। प्लास्टिक के डिब्बों में खाना हमारे स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है, जिससे जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। एक अध्ययन ने भी इस बात का खुलासा किया है।
प्लास्टिक के पैकेट में खाने से कौन सी बीमारी हो सकती है
हाल ही में Sciencedirect.com पर प्रकाशित एक अध्ययन में यह पाया गया है कि प्लास्टिक के डिब्बों में खाना खाने से हार्ट फेलियर का खतरा बढ़ सकता है। विशेष रूप से कंजेस्टिव हार्ट फेलियर का जोखिम बढ़ सकता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि खाने के साथ प्लास्टिक के छोटे-छोटे कण हमारे पेट में जाकर सूजन और सर्कुलेटरी सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुँचाते हैं, जिससे कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
यह भी पढ़ें : साल में दो बार बोर्ड परीक्षाओं से बच्चों की मेंटल हेल्थ पर पड़ सकता है असर?
प्लास्टिक के पैकेट में खाना दिल की सेहत के लिए खतरनाक
शोधकर्ताओं ने प्लास्टिक के पैकेट्स में खाने और दिल की बीमारियों के खतरों के संबंध को जानने के लिए दो चरणों में अध्ययन किया। पहले चरण में 3,000 से अधिक चीनी लोगों के खाने के तरीकों पर अध्ययन किया गया, जो प्लास्टिक के बर्तनों में खाते थे। इनमें दिल के गंभीर खतरे देखे गए। दूसरे चरण में चूहों पर शोध किया गया। चूहों को उस पानी में रखा गया, जिसमें काले प्लास्टिक के बर्तनों से केमिकल निकल रहे थे। बार-बार प्लास्टिक के केमिकल्स के संपर्क में आने से चूहों में हार्ट फेलियर के लक्षण दिखाई दिए। इस रिसर्च ने यह साबित किया कि प्लास्टिक के बर्तनों, पैकेट्स या कंटेनरों में खाना खाने से दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसमें खाना स्टोर करने से भी हार्ट फेलियर का जोखिम रहता है।
प्लास्टिक के कंटेनर और पैकेट्स क्यों हानिकारक हैं
प्लास्टिक के डिब्बों में खाना रखने से उसके छोटे-छोटे कण खाने में मिल जाते हैं और ये हमारे पेट में जाकर आंतरिक परत को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे पेट की दीवार में छेद होने लगता है। इससे कई हानिकारक चीजें रक्त में मिलने लगती हैं और सूजन उत्पन्न होती है। इससे रक्त संचार प्रभावित होता है और दिल पर बुरा असर पड़ता है। इसके अलावा, प्लास्टिक में मिलाए जाने वाले केमिकल्स कई अन्य बीमारियों के खतरे को भी बढ़ाते हैं। इसलिए, प्लास्टिक के पैकेट और कंटेनरों में खाना नहीं खाना चाहिए।
अस्वीकृति: यहां दी गई जानकारी केवल मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। यह बताना आवश्यक है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता या जानकारी की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।
यह भी पढ़ें: ‘मुझे जीना ही नहीं है अब…’ दीपिका पादुकोण ने छात्रों को सुनाई अपने डिप्रेशन की कहानी