9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। इस मौके पर विवेक ऑबेरॉय ने दुबई के स्टेडियम में मैच का आनंद लिया, जबकि अनुष्का शर्मा भी अपने पति विराट कोहली और टीम इंडिया को सपोर्ट करने पहुंची थीं। भारत की इस जीत पर कई सेलेब्स ने अपनी खुशी का इजहार किया।
अजय देवगन ने फिल्म “कभी खुशी कभी गम” से काजोल का एक सीन साझा करते हुए लिखा, “हमारे घर में आज भी यही माहौल है, मुबारक हो टीम इंडिया।” विवेक ऑबेरॉय ने स्टेडियम से एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “ओए, होए। 25 साल का इंतजार खत्म। आज रोहित के शेरों ने न्यूजीलैंड से चैंपियंस ट्रॉफी 2000 का हिसाब बराबर किया। यह ट्रॉफी हमारी थी और टीम इंडिया ने न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि भारतीयों का दिल भी जीत लिया। रोहित शर्मा ने हमेशा की तरह शानदार प्रदर्शन किया। अब टीम इंडिया दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत का रिकॉर्ड रखती है। मेरा भारत महान। जय हिंद।”
अनुपम खेर ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “अभी मुंबई में लैंड हुआ हूं। यह फ्लाइट बहुत सस्पेंसफुल थी। फ्लाइट में ही पता चला कि इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली है। हर हर महादेव। भारत माता की जय। हम दुनिया हैं। जय हो जय हिंद।”
सुनील शेट्टी ने भारत की जीत पर अपने दामाद के.एल. राहुल की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “भारत की जीत, राहुल की कमांड।” अथिया शेट्टी ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह अपने बेबी बंप के साथ टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाते हुए नजर आ रही हैं।
अनुष्का शर्मा की स्टेडियम से कई तस्वीरें और वीडियोज भी सामने आए हैं। एक तस्वीर में अनुष्का विराट को गले लगाते हुए दिख रही हैं, जबकि एक वीडियो में विराट अनुष्का के गले में हाथ डाले हुए डांस करते नजर आ रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा है, “द चैंपियनशिप विक्ट्री। सुकून मिला और बेहतरीन योजना। कोई नाटकीयता नहीं। कोई घबराहट नहीं। सिर्फ एक शानदार प्रदर्शन।”