टीम इंडिया के क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन साक्षी का विवाह समारोह मसूरी में चल रहा है। मंगलवार को संगीत समारोह में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना भी शामिल हुए और उनके डांस ने सभी का ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर धोनी, रैना और पंत का एक डांस वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीनों ‘दमा दम मस्त कलंदर’ गाने पर थिरकते हुए दिख रहे हैं। साक्षी की शादी आज मसूरी में सम्पन्न हो रही है।
Also Read: IND Vs NZ Champions Trophy 2025: अगर बारिश बनी विलेन, तो जानिए किसे मिलेगा विजेता का ताज?
धोनी ने इस समारोह में काली टी-शर्ट और क्रीम रंग की पैंट पहन रखी थी, जबकि रैना ने एक नीला सूट पहना था। रैना और धोनी के बीच करीबी दोस्ती है। धोनी मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे चार्टर्ड विमान से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी साक्षी और अन्य करीबी लोग भी थे। जैसे ही धोनी पहुंचे, फैंस ने उन्हें घेर लिया, लेकिन कैप्टन कूल ने किसी से बात नहीं की और सीधे कार में बैठकर मसूरी के लिए निकल गए।
साक्षी पंत की शादी बिजनेसमैन अंकित चौधरी से हो रही है, जो लंदन की एलीट ई 2 कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर हैं। उन्होंने यह पद 2021 में ग्रहण किया था और वर्तमान में इंग्लैंड में निवास करते हैं। उनकी कंपनी शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत है। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और पिछले साल जनवरी में उनकी सगाई हुई थी। साक्षी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपने जीवन की अपडेट्स साझा करती हैं। इस समारोह में केवल परिवार के करीबी सदस्य और दोस्त ही आमंत्रित किए गए हैं।
मसूरी के सेवॉय होटल में समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को मेहंदी सेरेमनी के बाद हल्दी का कार्यक्रम हुआ, जिसमें ऋषभ पंत ने अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ खूब मजे किए। हल्दी समारोह में गुलाल उड़ाया गया और पंत विधायक उमेश कुमार समेत अपने करीबी दोस्तों को रंग लगाते हुए दिखाई दिए।
ऋषभ पंत हाल ही में 9 मार्च को भारत द्वारा 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, हालांकि उन्हें इस दौरान कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। टीम इंडिया ने दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया।
अब पंत 22 मार्च से शुरू हो रहे IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान के रूप में खेलते नजर आएंगे। लखनऊ ने उन्हें IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की राशि में खरीदा था, जिससे वह IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
इसके अतिरिक्त, भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर डाक विभाग ने मंगलवार को एक विशेष कैंसलेशन जारी किया है, जिसमें भारत का विजयोत्सव लिखा हुआ है। महाराष्ट्र सर्कल के मुख्य डाक महाप्रबंधक अमिताभ सिंह ने कहा कि यह विशेष कैंसलेशन भारत की खेल उपलब्धियों को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है और इस ऐतिहासिक जीत को यादगार बना रहा है।