प्रदेश में गर्म हवाओं के चलते तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को रतलाम में लू का असर देखा गया और 13 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में 2-3 डिग्री की और वृद्धि की संभावना है। कई शहर लू की चपेट में आ सकते हैं।

HighLights
- 13 शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर
- गर्म हवाओं के कारण बढ़ा प्रदेश का तापमान
- मौसम प्रणाली फिलहाल सक्रिय नहीं है
Newsstate24 प्रतिनिधि, भोपाल। लगातार आ रही गर्म हवाओं के चलते गर्मी के तेवर और तीखे हो गए हैं। रविवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। रतलाम में लू का असर देखने को मिला और 13 शहरों में दिन का पारा 40 से 42.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगामी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और वृद्धि हो सकती है। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान सीधी में 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 14.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
गर्मी में और बढ़ोतरी की संभावना
- मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश के मौसम पर प्रभाव डालने वाली कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। पड़ोसी राज्य राजस्थान और गुजरात में तापमान काफी बढ़ चुका है, जिसके कारण हमारी ओर गर्म हवाएं आ रही हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है।
- मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख पश्चिमी बना हुआ है, जिससे गर्मी के तेवर और बढ़ सकते हैं। सोमवार को कुछ और शहर भी लू की चपेट में आने की संभावना है। रविवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान इस सीजन का सबसे अधिक था।
इन शहरों में रहा अधिकतम तापमान
रतलाम- 42.6 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम- 42.2 डिग्री सेल्सियस खजुराहो- 42.0 डिग्री सेल्सियस उज्जैन- 41.0 डिग्री सेल्सियस गुना- 41.0 डिग्री सेल्सियस भोपाल- 40.5 डिग्री सेल्सियस मंडला- 40.5 डिग्री सेल्सियस दमोह- 40.4 डिग्री सेल्सियस धार- 40.3 डिग्री सेल्सियस टीकमगढ़- 40.3 डिग्री सेल्सियस ग्वालियर- 40.0 डिग्री सेल्सियस सागर- 40.0 डिग्री सेल्सियस नौगांव- 40.0 डिग्री सेल्सियस